सुपौल। छातापुर प्रखंड क्षेत्र के राजेश्वरी पश्चिमी पंचायत स्थित कोशी प्रगति जीविका ग्राम संगठन एवं मुख्यालय पंचायत के रौशनी जीविका ग्राम संगठन में गुरुवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) रमाकांत मंडल ने किया।
करीब दो घंटे चले इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों सहित अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं से फीडबैक भी लिया गया।
बीपीएम रमाकांत मंडल ने बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण व आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से महिलाओं के जीवन में आए बदलाव और उनके अनुभवों को सुनकर उनकी आवश्यकताओं व अपेक्षाओं को समझने की कोशिश की गई। साथ ही यह भी जाना गया कि वर्तमान योजनाओं के क्रियान्वयन में कौन-कौन से सुधार की जरूरत है।
रौशनी जीविका ग्राम संगठन के कार्यक्रम में बीपीएम के साथ सामुदायिक समन्वयक प्रिंस कुमार मेहता, मंजु कुमारी, सीएलएफ लेखापाल रूपक कुमार, जीविका मित्र रेखा कुमारी, बैंक मित्र काजल कुमारी, लेखापाल रामधारी राम सहित अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष की उपस्थिति रही। वहीं राजेश्वरी पश्चिमी के कोशी प्रगति जीविका ग्राम संगठन में सामुदायिक समन्वयक खुशबु कुमारी, संतोष कुमार, लेखापाल बिनोद कुमार, कार्यपालक सहायक ओमप्रकाश कुमार, बीके ललन कुमार, ममता कुमारी, जेआरपी नरेश कुमार व जीविका मित्र चंद्रकला देवी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उमंग व उत्साह देखने को मिला, जिससे साफ जाहिर होता है कि वे अपनी भागीदारी से विकास की धारा में सक्रिय योगदान देने को तैयार हैं।
कोई टिप्पणी नहीं