- गुस्साए लोगों ने एनएच 327 ई को किया जाम, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कटैया माहे वार्ड नंबर-5 निवासी 26 वर्षीय विकास कुमार यादव के रूप में की गई है। विकास मजदूरी कर घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट के बाद सीने में गोली मार उसकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने मृतक का शव लेकर शनिवार सुबह एनएच 327 ई को निर्मली चौक के पास तीन घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक विकास कुमार लालपट्टी निवासी अरुण चौधरी के टेंट में मजदूरी करता था। शुक्रवार रात वह अपने एक साथी के साथ काम से लौट रहा था। साथी तुल्लापट्टी में रुक गया, जबकि विकास अकेले अपने घर कटैया माहे लौट रहा था। इसी दौरान लालपट्टी और तुल्लापट्टी के बीच आम के बगीचे के पास अपराधियों ने उसे घेर लिया, उसकी बाइक, मोबाइल और पैसे लूट लिए। विरोध करने पर उसके सीने में गोली मार दी गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक विकास अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। माता-पिता पहले ही गुजर चुके हैं। विकास की पत्नी रेणु देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके तीन छोटे बच्चे हैं—6 वर्षीय पायल, 3 वर्षीय नवनीत और 2 वर्षीय छोटा बेटा।
शनिवार सुबह जैसे ही शव गांव पहुंचा, आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्मली चौक पर एनएच 327 ई को जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस को महिलाओं ने खदेड़ दिया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
करीब तीन घंटे के जाम के बाद सीओ उमा कुमारी, बीडीओ अरविंद कुमार गुप्ता, बीपीआरओ मणिकांत कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि निशांत कुमार नेहरू, उपप्रमुख बबलू चौधरी और मुखिया प्रतिनिधि नवीन कुमार मंडल के समझाने पर जाम हटाया गया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और टेंट संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं