राघोपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सिमराही राघोपुर के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय ओम शांति भवन के सभागार में आध्यात्मिक जगत की महान विभूति व विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी रत्नमोहिनी दादी जी के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेरक प्रसंग, पुण्य स्मरण और ब्रह्मा भोजन का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसे सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी, समाजसेवी शैलेन्द्र नारायण यादव, अवध मेहता, मंजू पंसारी, मनु देवी, सावित्री देवी, प्रभात महासेठ, महेन्द्र यादव, छेदी यादव, संतोष कुमार, शांति देवी, ब्रह्माकुमारी वीणा बहन, सुमन बहन, निभा बहन, इन्द्रदेव चौधरी, पप्पू सिंह, ब्रह्माकुमार किशोर भाई समेत अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने दादी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी ने दादी रत्नमोहिनी जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने नारी शक्ति के सबसे बड़े और प्रभावशाली संगठन की आधारशिला रखी थी, जो आज एक वैश्विक मिशाल बन चुका है। टीचर्स ट्रेनिंग की मुख्य संचालिका के रूप में उन्होंने हजारों बहनों को प्रशिक्षित किया, जो आज दुनियाभर में सेवाएं दे रही हैं। विदेश सेवा की शुरुआत में भी उनका योगदान अविस्मरणीय रहा।
दीदी ने कहा कि जैसे सूर्य की किरण जीवों में चेतना भर देती है, वैसे ही दादी रत्नमोहिनी जी परमात्म ज्ञान की उज्ज्वल किरण बनकर लाखों बहनों के जीवन में दिव्यता लेकर आईं।कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाई ने किया और अंत में सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद स्वरूप ब्रह्मा भोजन कराया गया।
कोई टिप्पणी नहीं