सुपौल। छातापुर मुख्यालय पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित भट्टावारी गांव में गुरुवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। टाट लगाने को लेकर हुई इस घटना में दोनों पक्षों के करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए छातापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर प्रभात भास्कर ने प्राथमिक उपचार के बाद एक पक्ष के 72 वर्षीय सदानंद साह, 45 वर्षीय राजानंद साह, 30 वर्षीय दिलीप साह और 17 वर्षीय खगेश साह को रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के 55 वर्षीय सत्यनारायण साह, रूबी कुमारी, चनिया देवी और रामू साह उर्फ राम कुमार गुप्ता को भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया। शेष घायलों का इलाज सीएचसी में किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान दूसरे पक्ष द्वारा पहले पक्ष के लोगों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर हमला किया गया, जिससे कई घायल जलन से अधिक परेशान दिखे। इस घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है और स्थानीय महिलाएं भयभीत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। इसके बाद उन्होंने सीएचसी जाकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भूमि विवाद चल रहा था और दोनों की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं