सुपौल। जिला कांग्रेस कमेटी की संरचनात्मक बैठक के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब अचानक सूचना मिली कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे हैं। यह बैठक दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी और करीब 4 बजे यह घटना घटी। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अंबेडकर चौक की ओर से लगभग 20-25 भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर आ रहे थे।
स्थिति को भांपते हुए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता तुरंत बाहर निकले और अंबेडकर चौक व कांग्रेस कार्यालय के बीच जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला और बैनर छीन लिया। जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने बल प्रयोग करने की कोशिश की तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें धक्का देकर पीछे खदेड़ दिया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धैर्य नहीं रखा होता तो स्थिति और भी विकट हो सकती थी। लेकिन संख्या बल के आगे भाजपा कार्यकर्ताओं को पीछे हटना पड़ा। इस घटनाक्रम पर कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी देश में भाईचारा खत्म कर विरोधियों को दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता अंग्रेजों से नहीं डरे थे, तो उनके कथित दलालों से भी डरने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर इस तरह की उकसावे वाली घटनाएं नहीं रुकीं, तो बिहार की जनता भाजपा को सात समंदर पार फेंक देगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
कोई टिप्पणी नहीं