सुपौल। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर मंगलवार को सुरपत सिंह उच्च प्लस टू विद्यालय, छातापुर में पौधारोपण सह वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण सांसद व ट्रीमेन रामप्रकाश रवि लक्ष्य स्कूल छातापुर के छात्रों के साथ पहुंचे और विद्यालय परिसर में कई फलदार वृक्षों का पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र एवं स्थानीय लोगों के बीच कुल 501 फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरुचरण पासवान एवं कई सहायक शिक्षक भी उपस्थित थे।
लक्ष्य स्कूल के बच्चों ने पर्यावरण से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। ट्रीमेन श्री रवि ने अपने संबोधन में कहा कि आज पृथ्वी का अस्तित्व खतरे में है। जलवायु परिवर्तन, तापमान में वृद्धि, जंगलों की अंधाधुंध कटाई और कृषि में रसायनिक खाद के अत्यधिक प्रयोग से प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि धरती को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना, उन्हें संरक्षित करना और प्लास्टिक के उपयोग को कम करना अत्यंत आवश्यक है। रवि ने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस का उद्देश्य धरती और उसके पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को जल, जंगल और जमीन बचाने की शपथ दिलाई गई। मौके पर एचएम गुरुचरण पासवान के साथ सहायक शिक्षक गौतम मनोहर, विश्वनाथ कुमार, मनीष कुमार, अमन कुमार, किशोर झा, सुरेश झा, प्रियांशु कुमार सहित अन्य शिक्षकगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं