सुपौल। डगमारा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 05 में शुक्रवार की रात भीषण अग्निकांड में पांच परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस आगलगी में लाखों की संपत्ति समेत कई मवेशी भी जलकर नष्ट हो गए। वहीं, महेंद्र यादव के पुत्र कामेश्वर यादव अपने मवेशी को बचाने के प्रयास में झुलस गए। स्थानीय लोगों की तत्परता और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर नष्ट हो चुका था।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तीव्र थी कि कुछ ही देर में घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जमीन के कागजात समेत सभी सामान जलकर नष्ट हो गए। अग्निकांड में प्रभावित परिवारों में राजो देवी (पति महेंद्र यादव), सुनीता देवी (पति कामेश्वर यादव), सरस्वती देवी (पति स्व. सोती लाल यादव), देवकी देवी (पति देवेंद्र यादव) और सुनीता देवी (पति जयप्रकाश यादव) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया, तब तक सबकुछ खत्म हो चुका था।
अग्निशमन विभाग को सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग अपना विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार सुबह प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश यादव, मुखिया गंगा प्रसाद समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश यादव ने कहा कि फायर बिग्रेड की सुविधा न होने से आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने प्रशासन से कुनौली, कमलपुर और डगमारा के लिए फायर बिग्रेड की मांग की है।
अंचलाधिकारी विजय प्रताप ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों के बीच प्रखंड प्रमुख व मुखिया के साथ मिलकर पॉलिथीन व सूखा राशन का वितरण किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। घटनास्थल पर रविन्द्र कामत, सत्यनारायण कामत, रामा यादव समेत कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं