सुपौल। अखिल भारतीय धानुक उत्थान महासंघ जिला सुपौल का मिलन समारोह त्रिवेणीगंज प्रखंड के परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 14 में पूर्व पैक्स अध्यक्ष रविंद्र मंडल के आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेंद्र महतो ने की, जबकि मंच संचालन राणा प्रताप मंडल ने किया। इस मौके पर प्रदेश महासचिव इंजीनियर सुनील कुमार मंडल भी उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष राजेंद्र महतो ने समाजसेवी स्वर्गीय मोहन मंडल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि धानुक समाज की आबादी सुपौल जिले में काफी अधिक है, लेकिन गरीबी, अशिक्षा और राजनीतिक चेतना की कमी के कारण यह समाज अब भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि धानुक समाज को उसकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। यदि समाज को उचित भागीदारी नहीं मिली, तो महासंघ जिले की चारों विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा।
नवोदय विद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य सियाराम मंडल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि "अपने बच्चों को शिक्षित करें, संगठित हों, संघर्ष करें और राजनीतिक सोच को आगे बढ़ाएं।" प्रो. हरेराम मंडल ने भी शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि "यदि जरूरत पड़े तो एक रोटी कम खाएं, लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाएं।" उन्होंने चाय, पान और शराब जैसी बुरी आदतों को छोड़ने की सलाह दी और कहा कि समाज के शिक्षित होने पर ही गरीबी दूर होगी और राजनीतिक चेतना विकसित होगी।
धानुक समाज के नेता रविंद्र मंडल ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में वही दल समाज का समर्थन पाएगा, जो अपने चुनाव घोषणा पत्र में धानुक समाज की मांगों को लिखित आश्वासन के रूप में शामिल करेगा। प्रदेश महासचिव इंजीनियर सुनील मंडल ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद से ही धानुक जाति को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में अनुसूचित जाति (SC) का दर्जा प्राप्त है, जबकि हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र में इसे अनुसूचित जनजाति (ST) के रूप में शामिल किया गया है। लेकिन बिहार और झारखंड में धानुक समाज को अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) में रखा गया है, जिससे समाज को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस अवसर पर उपेंद्र मंडल, आनंद मंडल, कृष्णदेव मंडल, गोपी मंडल, मनोज मंडल, सत्यदेव राउत, सुरेंद्र मंडल, देश रत्न प्रसाद, शिवनाथ मंडल, दीपनारायण मंडल, डॉ. उमेश राय, विवेकानंद मंडल, पूर्व मुखिया महानंद मंडल, कपिलदेव मंडल, ललन मंडल और सरपंच संतोष मंडल सहित कई वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष राजेंद्र महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया और इस संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ कि धानुक समाज की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं