सुपौल। प्रतापगंज थाना पुलिस को अरविंद हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हरियाणा के कैथल जिले के गुहाल थाना क्षेत्र से दो अहम अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को दोनों को जिला न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोविंदपुर पंचायत के घटहा वार्ड-9 निवासी मुकेश कुमार यादव और कौआखानी निवासी संजीव सुतिहार के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों फरार होकर हरियाणा चले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी पहचान की, जिसमें वे हत्या के दिन मृतक अरविंद के साथ होटल में खाना खाते दिखे। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को ट्रेस किया और उनका लोकेशन हरियाणा में पाया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने पुअनि बालेश्वर कुमार, दो सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार राहुल को टीम में शामिल कर हरियाणा रवाना किया। वहां गुहाल थाना पुलिस के सहयोग से चिका गांव स्थित तिलक राम राइस मिल से दोनों को गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो का ड्राइवर मुकेश था, जबकि संजीव ने लाइनर की भूमिका निभाई थी। पूछताछ में दोनों ने हत्या से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं, हालांकि पुलिस फिलहाल पूरी जानकारी साझा करने से बच रही है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक छह अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं