सुपौल। भोज खाकर घर लौट रहे 16 वर्षीय किशोर को 25 फरवरी की रात बदमाशों ने गोली मार दी थी। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने लोहिया नगर चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। करीब दो घंटे बाद सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया।
घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के मौजहा कोसी पुल के पास 25 फरवरी की रात हुई थी। दिघिया निवासी संजय यादव का पुत्र सुशांत कुमार अपने चचेरे भाई आशीष कुमार के साथ खखई गांव में शादी समारोह से लौट रहा था। रात करीब 10 बजे दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने सुशांत के सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों को सूचना मिलते ही घायल सुशांत को सुपौल के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे नेपाल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। मृतक सुशांत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पिता संजय यादव, मां चंदन देवी और बहन पल्लवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता संजय यादव ने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताया और किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने मौजहा निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र गुरुदेव कुमार (24), शिवकुमार (27) और सुकमारपुर निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र प्रदीप कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया है। प्राथमिकी के अनुसार, बदमाशों ने पहले सुशांत की बाइक छीनने की कोशिश की, लेकिन विरोध करने पर गुरुदेव कुमार ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी और सभी आरोपी फरार हो गए।
किशनपुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, डीएसपी आलोक कुमार ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं