Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

सरायगढ़-भपटियाही : शादी की तैयारी के बीच लगी भीषण आग, 10 घर जलकर राख



सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के भपटियाही पंचायत के कल्याणपुर गांव के वार्ड एक में सोमवार दोपहर आग लगने से पांच परिवारों के 10 फूस और टीन के घर जलकर राख हो गए। इस आगजनी में लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने राहत सामग्री उपलब्ध कराई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

जानकारी अनुसार गांव के रामदेव यादव के पुत्र ज्ञान देव कुमार की शादी थी, जिसके लिए करजाइन थाना क्षेत्र के बाईसी गांव बारात जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान बारातियों के लिए खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी से रामदेव यादव के फूस के घर में आग लग गई। पछिया हवा के कारण आग ने तेजी से आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इस आगजनी में रामदेव यादव के अलावा अनीता देवी, कृष्णदेव यादव, ब्रह्मदेव यादव और जनक यादव के घर पूरी तरह जल गए। घरों के साथ-साथ अनाज, कपड़े, बर्तन, टेंट की सामग्री, मोटरसाइकिल, साइकिल, यहां तक कि मवेशी भी आग की चपेट में आ गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस घटना में 10 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत कार्यों के तहत राजस्व अधिकारी राकेश रंजन, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार और भपटियाही थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने तत्काल पीड़ित परिवारों को सूखा राशन और पॉलीथिन शीट वितरित किए।

स्थानीय मुखिया विजय कुमार यादव सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों को सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवारों ने सरकार से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि वे अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं