सुपौल। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा पीठ काली धाम में सहस्र चंडी यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यज्ञ की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सदर प्रखंड के कर्णपुर दक्षिण टोल में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें गुरुदेव पंडित जीवेश्वर मिश्र और नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पंडित जीवेश्वर मिश्र ने सभी ग्रामवासियों से यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन से समाज में एकता और सद्भाव का संदेश जाएगा और इसमें सहभागिता करने वालों पर मां भगवती की विशेष कृपा बनी रहेगी।
सहस्र चंडी यज्ञ का आयोजन 30 मार्च से 07 अप्रैल तक किया जाएगा। इस दौरान देशभर के 51 विद्वान पंडितों द्वारा दुर्गा सप्तशती पाठ और हवन का आयोजन होगा। यह यज्ञ मां दुर्गा की कृपा प्राप्ति और समस्त जनमानस के कल्याण के लिए किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित लोगों ने यज्ञ को सफल बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन और सहयोग देने का आश्वासन दिया। पूरे क्षेत्र में महायज्ञ को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण इसकी तैयारियों में जुट गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं