सुपौल। त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत जदिया थाना क्षेत्र के छातापुर-जदिया एसएच 91 पथ पर रविवार की सुबह तेज रफ्तार एक बाइक कोरियापट्टी पुल के रेलिंग से टकरा गई। इस घटना में बाइक सवार एक किशोर की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि दूसरे किशोर ने अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मानगंज पूरब पंचायत के वार्ड नम्बर 10 निवासी मंगल ऋषिदेव का 14 वर्षीय नाबालिग पुत्र विजय ऋषिदेव तो दूसरा बिनोद ऋषिदेव का 16 वर्षीय पुत्र विकेश कुमार के रूप में हुई है। मौत की खबर सुनते ही दोनों मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि अपने रिश्तेदार से टीवीएस राइडर बाइक मांग कर विजय ऋषिदेव अपने पड़ोसी विकेश ऋषिदेव को साथ बाइक से तेज रफ्तार में कोरियापट्टी चौक की और जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण कोरियापट्टी पुल पर बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के पीछे सवार विकेश कुमार 10 फीट ऊपर जाकर पुल के नीचे गिर गया। जबकि विजय ऋषिदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही जदिया पुलिस गंभीर रूप से जख्मी विकेश ऋषिदेव को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया।
कोई टिप्पणी नहीं