सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहरा पंचायत के वार्ड नंबर 11 में स्थित एक नहर में सोमवार सुबह बुजुर्ग सदानंद झा डूब गए। परिजनों और पुलिस के अथक प्रयास के बाद भी शव पहले नहीं मिला। बाद में किशनपुर थाना क्षेत्र के परसा गांव स्थित नहर से शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि सदानंद झा सुबह में अपने घर से निकलकर गम्हरिया उपशाखा नहर किनारे मुंह-हाथ धोने गए थे। नहर के किनारे फिसलन होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिर गए। आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव तेज होने के कारण वे डूब गए।
राघोपुर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने शव की तलाश की, लेकिन घंटों की खोजबीन के बाद भी शव नहीं मिला। बाद में किशनपुर थाना क्षेत्र के परसा गांव में नहर से एक शव मिला, जिसकी शिनाख्त सदानंद झा के रूप में हुई। किशनपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों को शव सौंप दिया गया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
कोई टिप्पणी नहीं