दरभंगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र दरभंगा द्वारा जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन नेहरू स्टेडियम पोलो मैदान लहेरियासराय में किया गया। इस प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, रिले दौड़ (महिला एवं पुरुष वर्ग) की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी उर्फ मन्ना जी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष बालेंदु झा (बालाजी), नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार, लेखा पदाधिकारी मोहम्मद अंसारी एवं मंडल अध्यक्ष पिंटू भंडारी उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि आज के समय में यह रोजगार का भी स्वर्णिम अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं को खेल को अपने करियर के रूप में अपनाने की प्रेरणा दी।
जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष बालेंदु झा ने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि यह ज्ञान अर्जन में भी सहायक होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों में अपनी रुचि के अनुसार करियर बनाने की अपील की।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में मुकेश कुमार झा ने अहम भूमिका निभाई, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रशांत कुमार ने किया। सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में रेफरी अमित कुमार सिंह, सुदर्शन कुमार, शोएब खान, संजीव कुमार, राम नारायण पंडित, पूजा कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता ने स्थानीय युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और जोश को बढ़ाया है। नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को निखारने और भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रही है।
कोई टिप्पणी नहीं