सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पिपरा-त्रिवेणीगंज सड़क मार्ग (एनएच-327ई) पर मंगलवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनुमंडल गेट के सामने खड़े सामान लोडेड ट्रक में एक अनियंत्रित कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3, जदिया निवासी मंजू देवी (45 वर्ष), पत्नी मुन्ना प्रसाद सिंह, पिंकी देवी (50 वर्ष), पत्नी मंगल प्रसाद सिंह, प्रीति सिंह (30 वर्ष), पत्नी राजीव सिंह, राजीव कुमार सिंह (33 वर्ष) के रूप में हुई।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मंजू देवी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायलों ने बताया कि वे सभी टाटा पंच कार (बीआर-50 एबी-1461) से महाकुंभ प्रयागराज में स्नान कर अपने घर वापस लौट रहे थे। घर से करीब 12 किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया। कार को खुद राजीव कुमार सिंह चला रहे थे, और नींद की झपकी आने की वजह से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं