सुपौल। नगर पंचायत सिमराही में मंगलवार की रात एक आवारा कुत्ते के खौफनाक तांडव से दर्जनों लोग जख्मी हो गए। घायलों में बच्चे से लेकर वृद्ध तक शामिल हैं। घटना के बाद बाजार और रेफरल अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। हालांकि, घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे एक आवारा कुत्ते ने महाकुंभ से लौट रही सिक्किम निवासी 45 वर्षीय महिला विश्यमाया कार्की को काटकर जख्मी कर दिया। इसके बाद, लोगों द्वारा भगाए जाने के बावजूद कुत्ता बेकाबू होकर जिस भी गली से गुजरा, वहां कई लोगों पर हमला कर दिया।
कुत्ते के काटने से सिमराही निवासी भोली कुमार, मंटू सादा, इमामगंज निवासी 8 वर्षीय विकास कुमार, सिमराही निवासी 6 वर्षीय आफिया तब्बसूम, 6 वर्षीय निकिता कुमारी, 60 वर्षीय राजेंद्र चौधरी, विवेक कुमार, भगवती देवी सहित कुल 22 लोग घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पागल कुत्ते को काबू में किया जाए, अन्यथा और भी लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं। प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं